खबर दस्तक
मधुबनी/लखनौर ;
मधुबनी जिले के आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव में एक 24वर्षीय विवाहिता की शुक्रवार की सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान घोंघरडीहा निवासी रमणजी झा की पुत्री रूपम झा के रूप में हुई है। मृतका के भाई अजय झा ने इसे दहेज हत्या करार देते हुए अपने बहनोई सहित चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति चन्दन कुमार झा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मायके वालों ने लगाया गंभीर आरोप :
रूपम झा के भाई अजय झा ने थाना में दिए गए आवेदन में कहा है कि उनकी बहन को शादी के बाद से ही ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष के लोग लगातार बाइक और नकदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उनकी बहन के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। शुक्रवार की सुबह लगभग 11बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन ने आत्महत्या कर ली है, लेकिन जब वे मौके पर पहुंचे, तो पाया कि उसकी मौत गले में फंदा लगाकर की गई है और परिस्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही थी।
नामजद एफआईआर दर्ज :
अजय झा ने इस मामले में अपने बहनोई चन्दन कुमार झा के साथ-साथ सास मुन्नी देवी, मौसेरी बहन खुशबू झा और मौसेरे भाई आयुष्मान झा को आरोपित करते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में सभी पर हत्या, दहेज प्रताड़ना और साजिश का आरोप लगाया गया है।
2023 में हुई थी शादी :
रूपम झा की शादी बीते वर्ष 2023 में लक्ष्मीपुर निवासी भगवान झा के पुत्र चन्दन कुमार झा से धूमधाम से हुई थी। विवाह के एक वर्ष के भीतर ही यह दुखद घटना घटित हो गई। महज एक माह पूर्व ही रूपम का द्विरागमन हुआ था, और अब उसकी मौत ने मायके वालों के साथ-साथ पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस की त्वरित कारवाई :
थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर एक नामजद आरोपी मृतका के पति चन्दन झा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कानूनी कारवाई की जाएगी।
गांव में फैली शोक की लहर :
इस घटना के बाद लक्ष्मीपुर और घोंघरडीहा गांव में शोक की लहर फैल गई है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है, और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कारवाई की मांग कर रहे हैं।