खबर दस्तक
मधुबनी/लखनौर :
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मधुबनी जिले के लखनौर थाना परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में थाना अध्यक्ष कार्तिक भगत, एएसआई रामकुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने सहभागिता करते हुए आम, लीची, जामुन आदि के पौधे लगाए।
मौके पर थानाध्यक्ष श्री भगत ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और मौसम में असामान्य बदलाव के कारण प्रकृति पर गंभीर असर पड़ा है। कई पशु-पक्षियों की प्रजातियां विलुप्त हो रही हैं, जो पारिस्थितिक तंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, ऐसे में हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने की जरूरत है.
उन्होंने कहा, “पृथ्वी को सबसे अच्छा उपहार अधिक से अधिक पेड़ लगाकर दिया जा सकता है। हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और हरित धरती छोड़नी चाहिए.”
इस वर्ष 2025 के विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण का अंत” पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि भारत इस विषय पर वैश्विक नेतृत्व कर रहा है। प्लास्टिक से फैलने वाले प्रदूषण के प्रति लोगों को सचेत करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया “घर से प्लास्टिक हटाएं, पेड़ लगाएं, हरियाली फैलाएं और पर्यावरण को बचाएं.”
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और इस मुहिम को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।