खबर दस्तक
मधुबनी/खजौली :
मधुबनी जिले के खजौली प्रखंड के चतरा गोबरौरा उत्तर पंचायत की मरुकिया गांव के वार्ड सात स्थित मंडल टोल में प्रखंड कांग्रेस इकाई, खजौली द्वारा रविवार को सम्मान सह कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष उपेन्द्र यादव की अध्यक्षता एवं विशेश्वर झा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष सुबोध मंडल ने कहा कि कांग्रेस जात की नहीं जमात की बात करती है, जबकि बिहार व देश में सत्तासीन दल धर्म व मजहब के नाम पर लोगों को बांटने में लगी है।
प्रदेश एवं देश में बेरोजगारी, महंगाई तथा भ्रष्टाचार चरम पर है, किन्तु राज्य व केन्द्र सरकार प्रचार में मस्त होकर जनता की गाढ़ी कमाई लूटा रही है। राज्य की जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीस वर्षों के कार्यकाल को भी देखा है तथा देश के अन्य राज्यों में कांग्रेस नीत सरकार को भी देख रही है।
बिहार में वृद्धा पेंशन के लाभुकों को 400 रुपये तथा गैस सिलिंडर 1200 रुपये मिलता है, जबकि अन्य राज्यों में वृद्धा पेंशन के 1500 रुपये तथा गैस सिलिंडर 500 रुपये मिलता है। ये राज्य के गरीब जनता के साथ अन्याय नहीं तो क्या है? उन्होने उपस्थित लोगों से राहुल गांधी के हाथ को मजबूत करने तथा राज्य में महागठबंधन को अपना समर्थन देने की अपील की। श्री मंडल ने कहा कि देश ने स्व. इंदिरा गांधी, स्व. राजीब गांधी के देश के लिए योगदान को देखा है। वर्तमान में सत्तासीन नेतृत्वकर्ता के कृत्य को भी देख रहा है। आज देश में नकारात्मक राजनीति चल रही है। नफरत का बीज बोया जा रहा है।
इससे पूर्व आगत नेताओ व कार्यकर्ताओं का स्वागत पाग व दोपटा से किया गया।इस सम्मेलन को पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज मिश्र, वरिष्ठ नेता मिहिर कुमार झा, अनिल कुमार, कौशल किशोर यादव, नित्यानंद झा, नवल किशोर झा ने संबोधित किया।
इस मौके पर राम औतार मिश्र, विवेकानंद झा, कृष्णकांत झा, राघवेन्द्र शर्मा, जय प्रकाश मंडल, नवल झा, सुशील झा, आलोक झा, मनोज मिश्र सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।