MADHUBANI / RAHIKA NEWS :
मधुबनी/रहिका : मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड कार्यालय से महज कुछ दुरी पर अवस्थित रहिकेश्वरी दुर्गा मंदिर के गेट पर लगे इस काला कचरा युक्त जल जमाव को लोगों ने चिंताजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। स्थानीय लोगों ने कहा है कि यहां आलम यह है कि अति दुर्गंधयुक्त जलजमाव के कारण दर्शनार्थियों को इसी गंदे जल जमाव से होकर गुजरना पड़ता है, जबकि स्थानीय जन प्रतिनिधि और प्रशासन मूक दर्शक बने बैठे हैं। इसके बदबू से यहां गंभीर बिमारियों के फैलने का खतरा है। विदित हो कि यहां सड़क और दुर्गा मंदिर के बीच दोनों ओर कुछ अन्य समुदाय के घर भी बसे हुए हैं और यहां उनके बीच जल बहाव का कोई समुचित समाधान उपलब्ध नहीं है, जिससे यहां मंदिर के गेट पर जल जमाव के कारण नारकीय स्थिति उत्पन्न होती है। दुर्भाग्यपूर्ण रुप से दर्शाए चित्र में स्पष्ट देखा जा सकता है कि यहां इस गंदगी में किस तरह से लोगों का आना जाना लगा रहता है।
- न ही जनप्रतिनिधि और न ही प्रशासन ले रहा सुध
बताते चले कि रहिका स्थित अंकुरित भगवती अष्टभुजी दुर्गा का यह अति प्राचीन मंदिर आसपास के सभी ग्रामवासी और क्षेत्रवासियों के लिए आस्था का केन्द्र बिन्दु है। यहां दिन रात दर्शन-आरती और माता का विशेष आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है और श्रद्धालु इसी गंदे जलजमाव से होकर गुजरने के विवश हैं। ऐसी विकट परिस्थिति में मामले की स्थानीय प्रतिनिधि व रहिका प्रशासन से इसके स्थायी समाधान किए जाने की लोगों कि मांग है।