- महिलाओं एवं श्रमिक परिवारों से भी लिया फीडबैक
- रैयाम पश्चिमी के बड़े तालाब में मखाना खेती का अवलोकन
खबर दस्तक
मधुबनी :
मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा अपने क्षेत्र भ्रमण के क्रम में अचानक पंडौल अंचल अंतर्गत नाहर भगवतीपुर के मखना उत्पादक किसान मिहिर कुमार झा के उत्पादन ईकाई पर पहुंचे। उन्होंने मखाना के उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया को करीब से देखा तथा किसान मिहिर झा सहित इकाई में कार्यरत श्रमिकों से बातचीत की। जिलाधिकारी ने मखाना उत्पादन में आने वाली कठिनाइयों को समझा और उपस्थित अधिकारियों से उत्पादकता एवं किसानों की आय में वृद्धि के उपायों पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मखाना उत्पादन इकाई से जुड़ी महिलाओं – रेणु देवी, पन्ना देवी आदि से भी संवाद कर उनके अनुभव एवं समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने इकाई में कार्यरत श्रमिकों के बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई और शैक्षणिक सुविधा की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत जिलाधिकारी झंझारपुर अंचल स्थित रैयाम पश्चिमी पहुंचे और वहाँ बड़े तालाब में की जा रही मखाना खेती का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से खेती की प्रक्रियाओं एवं उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों को जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर डीपीआरओ परिमल कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी, बीडीओ झंझारपुर एवं पंडौल, स्थानीय किसान व ग्रामीण भी मौजूद थे।