- एसडीएम एवं बीडीओ ने फीता काटा
किया उद्घाटन - नवटोलिया का चलंत बूथ को मिला भवन
खबर दस्तक
झंझारपुर/मधुबनी :
मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड के बलनी मेहथ पंचायत के नवटोलिया मध्य में आंगनबाड़ी केंद्र 70 के भवन का उद्घाटन किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिलाषा पाठक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवन को आम लोगों के लिए समर्पित किया। उद्घाटन का यह कार्यक्रम शाम को किया गया। बीडीओ अभिलाषा पाठक ने बताया कि इस गांव में मतदान केंद्र संख्या 30 अब इसी भवन में समाहित होगी। कोई भी सरकारी भवन न रहने के कारण यहां चलंत बूथ लगाकर मतदान किया जाता था, अब चलंत बूथ से निजात मिलेगी। केंद्र की सेविका महारानी देवी, सहायिका रामकला देवी ने भी काफी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि एक छोटे से झोपड़ी में किसी तरह केंद्र का संचालन किया जाता था। बरसात और धूप में काफी परेशानी होती थी। खासकर बाढ़ के महीने में टोले में नदी का पानी चढ़ जाने के कारण खतरा बना रहता था। पक्का भवन होने से अब काफी सहूलियत होगी।
इस मौके पर पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार झा सहित अन्य लोग मौजूद थे।