खबर दस्तक
कैमूर:
गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के मेढ़, लखमनपुर, तेनौरा, डीहाँ, नाउडीह सहित आसपास के गांवों में स्थानीय लोगों के साथ भव्य रैली निकाली गई। इस अवसर पर ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया गया। रैली के दौरान भारत माता की जय, हर घर तिरंगा, वंदे मातरम् और तिरंगे की शान जैसे राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय एकता, सम्मान और देश प्रेम की भावना को प्रबल करना था।
समाजसेवी शिवम कुमार ने बताया कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस त्याग, तप और समर्पण से आज़ाद भारत का सपना साकार किया, हर घर तिरंगा उसी विकसित और श्रेष्ठ भारत के निर्माण का उद्घोष है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी शान, गर्व और सम्मान का प्रतीक है। 2 से 15 अगस्त के बीच स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें। आपकी सहभागिता न केवल देश के गौरव को बढ़ाएगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी बनेगी।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर समाजसेवी शिवम कुमार के नेतृत्व में शहीद अमर जवानों की स्मृति में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण भी किया गया। उन्होंने कहा एक पेड़, एक जीवन पृथ्वी की रक्षा हर युवा का धर्म होना चाहिए। यह सम्मान उन वीर सपूतों को समर्पित है जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। पौधारोपण न केवल शहीदों की याद में बल्कि स्वच्छ वायु, हरे-भरे वातावरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सार्थक कदम है। इस अवसर पर बम कुमार, चंद्रजीत साह, सुरेंद्र साह, मनोज कुमार, लवकुश यादव, अरविंद कुमार, सूरज कुमार, पंकज कुमार, नीतीश कुमार, चंद्र देव कुमार सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।