- विधान पार्षद ने विजेताओं को दिया पुरस्कार
खबर दस्तक
जयनगर/मधुबनी :
मधुबनी जिले के जयनगर नगर पंचायत के कमला रोड स्थित आर्य कुमार पुस्तकालय के सभागार में रविवार को एक दिवसीय ओपेन शतरंज प्रतियोगिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसबी 48वीं बटालियन जयनगर के डिप्टी कमांडेंट विवेक ओझा, गिरधारी सर्राफ व डॉ. अशोक प्रसाद के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। रिजर्व बैंक के रिटायर्ड अधिकारी और समाजसेवी सुरेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूल के 48 बच्चों ने जूनियर ग्रुप में और 9 लोगों ने सीनियर ग्रुप में भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ अशोक प्रसाद व संचालन सुमन शर्मा ने किया। एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट विवेक ओझा ने कहा कि इस मोबाइल के युग में इस प्रकार का आयोजन करना बहुत ही सराहनीय प्रयास है। शतरंज से बच्चों का मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने पुस्तकालय परिसर का भ्रमण किया और वहां मैदान में बच्चों के खेलकूद के लिए बनाए गए वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट की सराहना की।
वहीं, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से बच्चों का मानसिक विकास होता है। ज्ञान की भूमि पर शतरंज एवं विभिन्न खेल का आयोजन होना चाहिए।कार्यक्रम के आयोजनकर्ता धन्यवाद के पात्र है, जिनके द्वारा इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि समाज कैसे विकसित हो यह हम सब की जिम्मेदारी है। बुद्धि से विवेक बड़ा होता है। यही सनातन सत्य और उद्देश्य है।
शतरंज प्रतियोगिता में सिनियर सेक्शन में सुशांत लाल विजेता रहे वही जूनियर सेक्शन से डॉन बॉस्को इंग्लिश स्कूल से युवराज विजेता व आयुष कुमार झा उपविजेता रहे और उन्हें पुरस्कृत किया गया।
सभी प्रतिभागी छात्रों को भी विधान पार्षद सर्वेश कुमार व मुख्य पार्षद कैलाश पासवान के द्वारा मेडल देकर उत्साहवर्धन किया गया।
दीपू ठाकुर को इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के बाद विधान पार्षद सर्वेश कुमार द्वारा पुस्तकालय परिसर का निरीक्षण किया गया और उन्होंने पुस्तकालय के विकास के लिए हरसंभव मदद करने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्य पार्षद कैलाश पासवान, वरिष्ठ पत्रकार विनोद कर्ण, लड्डु झा, विमल मस्करा, डॉ सुनील कुमार राउत, प्रवीर महासेठ, राज कुमार गिरी, राम प्रसाद राऊत, डा. सच्चिदानंद नीलू, अरविंद तिवारी, पीयूष कुमार, राजू गुप्ता, मनीष जायसवाल, नारायण यादव, अंजनी सिंह, दीपक खर्गा, दीपशिखा सिंह, शिवम चौधरी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।