खबर दस्तक
मधुबनी/लौकही :
मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने गुरुवार को खुटौना एवं लौकही प्रखंड का क्षेत्रीय भ्रमण करते हुए विभिन्न विकासात्मक कार्यों का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने सबसे पहले ललमनियां और खुटौना में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया, वहां उनके साथ बीडीओ गिरीश चन्द्रा तथा सीओ विजय प्रकाश आदि समेत अन्य मौजूद थे।
इसके उपरांत डीएम ने लौकही स्थित नारी गोसदन की भूमि का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी वीरेन्द्र सिंह एवं अंचल अधिकारी अमर कुमार चौधरी से गोसदन की वर्तमान स्थिति, भूमि की सीमा, संरक्षित क्षेत्र एवं उपयोग से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने व्यवस्था में और अधिक पारदर्शिता लाने तथा भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बताया गया कि यह निरीक्षण संभावित डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल के मूल्यांकन के उद्देश्य से किया गया है।
निरीक्षण के बाद डीएम आनंद शर्मा ने प्रखंड के झिटकी पंचायत अंतर्गत बनगामा क्षेत्र का भी भ्रमण किया, जहां उन्होंने प्रस्तावित उद्योग स्थापना हेतु चिन्हित भूमि की स्थिति का अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संरक्षित भूमि का उपयोग पूरी तरह से नियमानुसार हो और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
इस मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित थे, जिन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी-अपनी बातें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

