खबर दस्तक
मधुबनी/मधेपुर :
मधुबनी जिले के मधेपुर प्रखंड के पश्चिमी कोसी नहर का बायां तटबंध टूट गया, जिससे स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। मधेपुर में निर्माणाधीन एन.एच.-527ए से लगभग 25 मीटर उत्तर में बुधवार देर रात नहर का पूर्वी तटबंध लगभग दस मीटर में टूट गया। नहर टूटने के कारण प्रखंड मुख्यालय के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है। लगभग एक सौ बीघा में उपजाऊ भूमि जलप्लावित हो चुकी है।
खेतों में लगी धान और बिचड़ा डूब गया है, जिससे स्थानीय किसानों में मायूसी छाई हुई है। वहीं नहर का पानी रेफरल अस्पताल परिसर, कोसी कॉलोनी परिसर एवं कॉलेज परिसर की ओर फैलने लगा है।
किसानों को सुलभ सिंचाई के दृष्टिकोण से पश्चिमी कोसी नहर परियोजना का विस्तार कर मधेपुर प्रखंड क्षेत्र तक लाया गया, लेकिन अभी तक प्रखंड के किसानों को इससे कोई फायदा नहीं मिल सका है। वहीं नहर का तटबंध टूट जाने से किसानों को नुकसान जरूर पहुंचा है।
ज्ञात हो कि इसी नहर के दायें तटबंध पर पक्की सड़क का निर्माण कार्य चनौरागंज में एन.एच.-27 से मधेपुर के प्रसाद गांव तक किया जा रहा है। सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और विभागीय अभियंता बराबर निरीक्षण करते रहते हैं। ऐसे में नहर का तटबंध टूट जाना जवाबदेह की कार्य शिथिलता को दर्शाता है।