खबर दस्तक
मधुबनी/लदनियां :
मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई मतगणना में लक्ष्मीनियां पंचायत में सरपंच पद पर सुनील कुमार मंडल व पद्मा पंचायत में पंसस पद पर कपिलदेव यादव को जीत मिली। दोनों ने अपने प्रतिद्वन्द्वी को क्रमश: 95 व 481 मतों के अन्तर से पराजित किया। दोनों ने क्रमश: रामरतन मंडल व रघुनाथ चौधरी को पराजित किया। बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी राकेश कुमार ठाकुर व पर्यवेक्षक ने विजेताओं को प्रमाण पत्र दिए। मतदाताओं में विशेष उत्साह देखा गया। दोनों सीटों पर क्रमश: तीन व चार उम्मीदवार इस चुनाव में अपने-अपने किस्मत आजमाने मैदान में थे।
पथराही पंचायत की रिक्त वार्ड संख्या-1 से एक मात्र बिनीता देवी ने नामांकन किया था। पिपराही पंचायत के रिक्त वार्ड सदस्य संख्या-10 पर किसी ने अपनी उम्मीदवारी नहीं दी थी।
पद्मा पंचायत की वार्ड संख्या-4 से ग्राम कचहरी पंच के लिए झमेली राम व राम जतन सदाय ने नामांकन किया था। झमेली राम ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया था। इस प्रकार वार्ड सदस्य व पंच पद पर आवेदन करने वाले निर्विरोध निर्वाचित हुए। उक्त जानकारी निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ठाकुर ने दी है। इधर जीत पर पूर्व उप प्रमुख मनोज यादव, पूर्व प्रमुख भोगेन्द्र यादव, मोहम्मद हारून, बैधनाथ यादव, सिजलू महरा, जगदीश यादव, जयशंकर यादव, राम बाबू राम, प्रोफेसर बद्री यादव ने बधाई दी है।