खबर दस्तक
मधुबनी/हरलाखी :
मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड अंतर्गत उमगांव स्थित किसान भवन में सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का विधानसभा स्तरीय बूथ कार्यकर्ता कन्वेंशन आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचल मंत्री बिलटू प्रसाद महतो ने की, वहीं उद्घाटन भाकपा के राज्य सचिव कॉ. रामनरेश पांडेय ने किया। कार्यक्रम में“बदलो सरकार-बचाओ बिहार”नारे के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई, साथ ही 10-12 अगस्त को प्रस्तावित भाकपा जिला सम्मेलन को सफल बनाने तथा मतदाता सूची से नाम हटाने की कथित साजिश के खिलाफ 9 जुलाई को महागठबंधन द्वारा आहूत बिहार बंद को मजबूती से सफल बनाने का आह्वान किया गया।
भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कॉ. पांडेय ने अपने संबोधन में केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एनडीए सरकारें हर मोर्चे पर विफल रही हैं। बिहार में भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, महंगाई और चरमराती शिक्षा व्यवस्था ने आम जनता को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासन में बिना घूस के कोई भी काम संभव नहीं है, और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। कॉ. पांडेय ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को ‘लोकतंत्र विरोधी साजिश’ करार दिया।
उन्होंने बताया कि 2003 के बाद पहली बार इतनी व्यापक स्तर पर मतदाता सूची की जांच की जा रही है, जिसमें युवाओं को नागरिकता प्रमाण के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे युवाओं को एक अभिभावक की नागरिकता का प्रमाण देना होगा, जबकि उसके बाद जन्म लेने वालों को माता-पिता दोनों की नागरिकता सिद्ध करनी होगी। उन्होंने इसे गरीब, मजदूर, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्गों के मताधिकार पर हमला बताया। कॉ. पांडेय ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे “बदलो सरकार-बचाओ बिहार” अभियान को बूथ स्तर तक ले जाएं और 9 जुलाई के बिहार बंद को सफल बनाएं, ताकि लोकतंत्र की रक्षा की जा सके और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूत आवाज उठाई जा सके।
इस कन्वेंशन को भाकपा के जिला सचिव कॉ. मिथिलेश कुमार झा, राज्य परिषद सदस्य एवं पूर्व मुखिया कॉ. राकेश कुमार पांडेय उर्फ मुरारी, राज्य परिषद सचिव कॉ. सूर्यनारायण महतो, पूर्व प्रमुख राकेश कुमार पांडेय, राज्य परिषद सदस्य कॉ. किरणेश कुमार, पूर्व मुखिया बलराम यादव, बालकृष्ण मंडल, भोगी पासवान, गिरिन्द्र राय, मुखिया प्रभात कुमार कर्ण, पूर्व मुखिया मदन राम, सिबली लुमानी और अजय कुमार वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को राजनीतिक बदलाव और सामाजिक न्याय का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया तथा संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।