खबर दस्तक
दरभंगा :
दरभंगा के डीएमसीएच ऑडिटोरियम में भाजपा पश्चिमी अध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी मन्ना की अध्यक्षता में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर संपूर्ण क्रांति दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में सैकड़ो जेपी सेनानियों को बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडये एवं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी अंगवस्त्र से सम्मानित किया।
संपूर्ण क्रांति दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के स्वास्थ्य व विधी मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि आज ही के दिन 50 वर्ष पूर्व 1975 में कांग्रेस की सरकार ने लोकतंत्र का अपमान करते हुए आपातकाल लागू किया, जब संविधान के मूलभूत अधिकारों और स्वतंत्र संस्थाओं को राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुचल दिया गया।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने न्यायपालिका और प्रेस की स्वतंत्रता का दमन कर अपनी अनैतिक सत्ता को दीर्घकाल तक बनाए रखने का प्रयास किया। आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने 39वें और 42वें संशोधनों के द्वारा संवैधानिक सुरक्षा कवच को कमजोर किया और संविधान की आत्मा को तोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान कितने तत्कालीन जनसंघ के हजारों कार्यकतार्ओं, नेताओं, जय प्रकाश नारायण जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों को प्रताड़ित किया गया, देश की आम जनता को मूल अधिकारों से वंचित किया गया।
कॉंग्रेस काल की इस संविधान विरोधी कृत्य के विरोध में खड़े सभी लोगों को याद करते हुए 25 जून को संविधान हत्या दिवस घोषित कर इस क्षतिपूर्ति और संविधान के प्रति जनता की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया है। यह काले अध्याय हमें लोकतंत्र की सतर्कता और संवैधानिक मूल्यों की सुरक्षा की सीख देता है, जिसे भाजपा दृढ़ता से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। 50 साल पहले लगाया गया आपातकाल केवल एक निर्णय नहीं था, यह हमारे संविधान पर सीधा प्रहार था। आज संविधान हत्या दिवस पर हर लोकतंत्र प्रहरी को शत-शत नमन, जिन्होंने तानाशाही के सामने झुकने से इनकार किया और लोकतंत्र की मशाल जलाए रखी। 25 जून का दिन भारतीय लोकतंत्र का वह काला दिन है।
वहीं बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का काला दिवस 1975 में आज ही के दिन कांग्रेस ने सत्ता के स्वार्थ व अहंकार में देश पर आपातकाल थोपकर विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। एक परिवार के विरोध में उठने वाले स्वरों को कुचलने के लिए थोपा गया आपातकाल आजाद भारत के इतिहास का एक काला अध्याय है। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री सुजीत मल्लिक जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री संतोष पोद्दार ने किया।
कार्यक्रम को विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद, जयकृष्ण झा, राजमंगल ठाकुर, जेपी सेनानी के प्रदेश महामंत्री अरुण पाठक, जेपी सेनानी के जिला अध्यक्ष नरेश सहनी आदि ने भी सम्बोधित किया।
इस मौके पर भाजपा पूर्वी अध्यक्ष विनय पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी, विजय चौधरी, विकास चौधरी, सुनील चौधरी, श्रवण मिश्र, सोनी पूर्वे, राहुल पासवान, बालेन्दु झा, पिंटू महासेठ, मुकुंद चौधरी, मीरा मेहता, डॉ. अमोद झा, सुंदरलाल चौधरी, रिंकी कुमारी, बब्लू पंजियार आदि उपस्थित थे।

