खबर दस्तक
मधुबनी/बेनीपट्टी :
ग्रामीण कार्य विभाग, दरभंगा के मुख्य अभियंता किशोर कुमार के नेतृत्व में अभियंताओं की टीम ने मंगलवार को बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र के कई सड़कों व पुल का निरीक्षण किया, साथ ही मौजूद पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये।
मुख्य अभियंता सर्वप्रथम करहारा गांव के धौंस नदी पर बन रही बहुप्रतीक्षित पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। यह पुल करीब 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से निर्माण कराया जा रहा है, जो पूर्ण होने के कगार पर है।
इसके अलावे मुख्य अभियंता ने विभाग द्वारा 47 लाख 71 हजार रुपये की लागत से निर्मित एसएच 52 पाली से गोट जाने वाली सड़क, 51 लाख 73 हजार की लागत से भरारी पोखर से कालिदास डीह तक तथा 41 लाख 70 हजार रूपये की लागत से भावरा पुल पीपल पेड़ के निकट से जगत गांव तक बनाये गये सड़क का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य अभियंता ने सड़क की मजबूती, गुणवत्ता, लंबाई और चौड़ाई, दूरी, लागत सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की।
मुख्य अभियंता ने बताया कि मानसून से पूर्व सड़कों को दुरुस्त करना है। बेनीपट्टी कार्य प्रमंडल अंतर्गत लगभग 73 सड़कों की निर्माण करायी जा रही है। कई सड़कों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है और कई पूर्ण होने के कगार पर है, साथ ही कई सड़कों की जरूरत वाली जगहों पर मरम्मती भी कराया जा रहा है। खासकर जो सड़कें बाढ़ ग्रस्त इलाकों की है, उसे गंभीरता के साथ लिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता के साथ दरभंगा के मुख्यालय कार्यपालक अभियंता चन्द्रशेखर सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल बेनीपट्टी के कार्यपालक अभियंता प्रभात कुमार राज, कनीय अभियंता नीतीश कुमार, अमित कुमार, संवेदक गोविन्द झा सहित अन्य मौजूद थे।