खबर दस्तक
मधुबनी/मधेपुर :
कांग्रेस के नवनिर्वाचित मधुबनी जिलाध्यक्ष सुबोध मंडल रविवार को कांग्रेस चले गांव की ओर कार्यक्रम के दौरान मधेपुर पहुंचे। मधेपुर पुरानी बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह प्रदेश प्रतिनिधि ज्योति झा ने वर्तमान जिलाध्यक्ष सुबोध मंडल को मिथिला के परम्परा के अनुसार पाग, दोपट्टा से सम्मानित किया।
तत्पश्चात जिलाध्यक्ष के साथ स्थानीय कांग्रेसी नेताओं का जत्था “कांग्रेस चले गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत भेजा गांव पहुंचे। भेजा गांव में एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता मधेपुर प्रखंड कांग्रेस के अध्यक्ष अब्दुल दयाम हासिम ने की।
आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते जिलाध्यक्ष सुबोध मंडल ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता बनाए रखते हुए आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और महागठबंधन द्वारा जारी साझा घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने पर सभी महिलाओं को पच्चीस सौ रुपए मासिक सहायता राशि, बुजुर्गों को दो हजार रुपए वृद्धा अवस्था पेंशन दिए जाने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योति झा ने कहा कि पार्टी में संगठन की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज मिश्र ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए के द्वारा घर-घर सिंदूर पहुंचाया जा रहा है, जबकि देश के प्रधानमंत्री इतना डरपोक है कि ट्रंप का एक फोन आते ही युद्ध रोक दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने देश के लिए अपनी कुर्बानी दी, लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है। जुमलेबाज सरकार की पोल जनता के सामने खोलना है।
इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योति झा, पुर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज मिश्र, श्याम झा, सुशील झा, श्री राम मंडल, अमोघ झा, एसएन बागी सहित सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल थे।

