खबर दस्तक
दरभंगा :
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मोदी युग के उन स्वर्णिम अध्यायों को साझा किया। जिन्होंने न केवल सरकार की परिभाषा बदली, बल्कि शासन को सेवा का माध्यम बना दिया। इन ग्यारह वर्षों में भारत के गरीबों को गरिमा मिली, किसानों को सम्मान मिला, महिलाओं को शक्ति मिली और युवाओं को अवसरों का समंदर मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि देश की असली चार जातियाँ हैं। गरीब, महिलाएं, किसान और युवा और यह सिर्फ भाषण नहीं बल्कि संकल्प है और इस संकल्प को ग्यारह वर्षों तक जीकर दिखाया है। ये ग्यारह साल सिर्फ सत्ता में रहने के नहीं थे, ये ग्यारह साल थे भारत को आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी और तेजस्वी राष्ट्र बनाने के थे।
जहां कभी एक गैस सिलेंडर सपने जैसा लगता था, वहां उज्जवला योजना ने चूल्हों से धुआं खत्म कर दिया। जहां ईलाज के पैसे नहीं होते थे, वहां आयुष्मान भारत ने लाखों जिंदगीयों को बचाया, जहां किसान बारिश के भरोसे जीते थे, वहां पीएम किसान सम्मान निधि ने उन्हें आत्मविश्वास दिया, जहां युवाओं के लिए रोजगार सिर्फ चुनावी वादे होते थे, वहां डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया ने उनकी सोंच को पंख दिए। ये वो सरकार है, जो कहती नहीं, करती है। जो दिखावे में नहीं, धरातल पर काम में विश्वास करती है।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा दरभंगा के अतिथि गृह में संवाददातओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीब की थाली तक भोजन पहुंचाने वाली है, किसान की जमीन तक पानी लाने वाली है, महिलाओं को रसोई से लेकर पंचायत तक अधिकार दिलाने वाली है और युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार का साम्राज्य रचाने वाली है। मोदी सरकार के ग्यारह साल लोकतंत्र का वो सूर्य हैं, जिसकी रोशनी देश के आखिरी नागरिक तक पहुंची है और यही वजह है कि आज भारत नहीं रुकता, भारत अब रचता है, बढ़ता है और दुनिया को नई दिशा देता है।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों दरभंगा में भाजपा संगठन के निष्ठावान कार्यकर्ताओं पर जिला प्रशासन द्वारा किया गया लाठीचार्ज अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस बर्बरता में घायल हुए कार्यकर्ताओं से उन्होंने मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने कहा की सरकार और गठबंधन के कार्यकर्ता सुशासन और संगठन के बीच सेतु का कार्य करते हैं और इस सेतु को तोड़ने का प्रयास करने वाले के प्रति कोई सहानुभूति नहीं होगी और वो कभी बख़्शे नहीं जायेंगे। उन्होंने दरभंगा के जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर अगले 48 घंटे में रिपोर्ट सौंपने हेतु निर्देशित किया है।
इस मौके पर मंत्री हरी सहनी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, भाजपा जिलाध्यक्ष, बबलू पंजीयार, विशाल महासेठ समेत अन्य कई कार्यकर्त्ता मौजूद थे।