खबर दस्तक
दरभंगा :
दरभंगा से भाजपा सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि सत्ता लोगों की सेवा का माध्यम है। सत्ता के सदुपयोग से सरकार की हर सोंच और योजना को साकार कर लोगों के बीच जनतंत्र की सच्ची परिभाषा को स्थापित करना ही किसी भी जनसेवक का असली कर्तव्य और धर्म होता है। कोई भी जनप्रतिनिधि या जनसेवक अपने इन कर्तव्यों की अनदेखी करता है, उसे अपने पद पर एक मिनट भी रहने का हक नहीं है। सांसद ने रविवार को बलभद्रपुर, लहेरियासराय स्थित अपने कार्यालय में सत्ता को सेवा का मंदिर बताते हुए कहा कि जनता रूपी भगवान की सेवा करने का लक्ष्य सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया के आदर्शो का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि जनप्रतिनिधि का धर्म और उनके सामाजिक जीवन के बीच एक मजबूत समन्वय रहनी चाहिए। क्योंकि इस समन्वय के बिना सेवा भावना को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है। सांसद ने उपस्थित जनता जनार्दन की आश्वस्त करते हुए कहा कि आमजनों की अपेक्षा को हर हाल में पूरी करने के लिए संकल्पित है।
इस मौके पर लोजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र झा, भाजपा उपाध्यक्ष राधेश्याम झा, अभयानंद झा, मनोज झा, सुभाष झा, विकास चौधरी, रवि प्रकाश, सृष्टिनारायण चौधरी, अंजुला शर्मा, स्नेह कुमार झा, भरत चौरसिया आदि मौजूद थे।