खबर दस्तक
मधुबनी / फुलपरास :
फुलपरास प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को नवगठित 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की पहली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष उपेन्द्र नारायण कामत ने किया। जबकि बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार निगम द्वारा किया गया। बैठक में प्रमुख राम पुकार यादव, समिति के उपाध्यक्ष संजय रजक सहित सभी नव मनोनीत सदस्यों के साथ-साथ प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार के बीस सूत्री कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा और उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए रणनीति तय करना रहा। बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, मनरेगा, महिला सशक्तिकरण, पेयजल, कृषि, बाल विकास परियोजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान समिति के सदस्य ने विभिन्न कार्यालय में कथित तौर पर व्याप्त भ्रष्टाचार, बिचौलिया प्रवृत्ति और दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन प्रक्रिया में जनता को हो रही कठिनाइयों की ओर।पदाधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। सदस्यों ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु अनाप्ति प्रमाण पत्र में अनावश्यक विलंब पर भी चर्चा की। अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत सभी योजनाओं को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने हेतु समिति सतत निगरानी और सहयोग के साथ कार्य करती रहेगी। बीस सूत्री कमिटी की बैठक न केवल योजनाओं की समीक्षा तक सीमित रही, बल्कि प्रशासनिक सुधार और जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आई। बैठक में समिति के सदस्य विश्वनाथ कामत, शैलेन्द्र झा, अनार देवी, शत्रुध्न यादव, लखन राय, दिलीप कुमार कामत, कृष्णा कुमार साह, कुंदन कामत, कैलू मंडल, भोला झा, प्रभाकर मंडल, प्रकाशवीर भारती, राम केशव कामत मौजूद थे।