MADHUBANI NEWS :
बकरीद पर्व में सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर : जिलाधिकारी
खबर दस्तक
मधुबनी :
आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय सभा कक्ष में शनिवार को आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व सामाजिक समरसता, बलिदान और एकता के प्रतीक है। इसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण को लेकर पूरी तरह से सजग है।
जिले के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी प्रखंडों के वरीय अधिकारी अपने अपने प्रखंड का नियमित रूप से भ्रमण कर विधि व्यवस्था का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं पुलिस अधीक्षक के साथ भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार के अफवाह फैलाने वाली झूठी एवं भ्रामक खबरों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि तेजगति से बाइक चलाने वाले बाइकर्स पर भी नकेल कसी जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों के लिए उनका धन्यवाद भी दिया और कहा कि प्रशासन सभी त्योहारों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तत्पर है।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बैठक में जानकारी दी कि बकरीद एवं अन्य आगामी पर्वों को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएंगे।। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा धारा 107 के तहत करवाई की जा रही है, साथ ही सीसीए 3 तहत भी कुछ लोगों पर कारवाई की गई है। इसके पूर्व शांति समिति के सभी सदस्यों ने बारी-बारी से अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।
सभी ने एक स्वर में कहा मधुबनी जिले की गंगा-जमुनी तहजीब की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व शांति एवं सौहाद्रपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। सभी सदस्यों ने जिले में विभिन्न पर्व त्योहारों के अवसर पर जिला प्रशासन की तत्परता एवं सजगता को लेकर प्रशंसा करते हुए धन्यवाद भी दिया।इस बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, नगर आयुक्त अनिल चौधरी, डिप्टी मेयर नगर निगम, मधुबनी उपमेयर मो. अमानुल्लाह खान, सभी एसडीपीओ, एसडीओ, सभी शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

