MADHUBANI / LADANIA NEWS :
मधुबनी/लदनियां ( रामकुमार यादव ) :
मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड के महुलिया गांव में जीविका महिला ग्राम संगठन के द्वारा एक महत्वपूर्ण महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जीविका महिला सदस्यों के साथ गांव की अन्य महिलाओं ने भी भाग लिया। महिलाओं ने अपने जीवन में आए महत्वपूर्ण परिवर्तन पर खुलकर चर्चा की। बताया कि किस प्रकार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर वे अपने परिवारों को सशक्त व मजबूत बनाने में सफल रही हैं। कहा कि बिहार सरकार ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में कई सराहनीय कार्य किए हैं। यही कारण है कि घरों की सीमा में रहने वाली महिलाएं अब सभी बंधनों को तोड़कर आगे बढ़ने के लिए तैयार है। महिलाओं ने गांव के आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर भी अपनी इच्छाएं व्यक्त की। विशेष रूप से तालाब के सौंदर्यीकरण का सुझाव दिया, जहां महिलाएं मिलकर अपने पर्व व त्योहारोत्सव मनाती है। कहा कि पुरुष प्रधान समाज एवं देश होने के कारण आज भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पंचायत के वार्ड सदस्य, वार्ड पंच, पंचायत समिति, सरपंच व मुखिया, जिप सदस्य जैसे पदों पर आरक्षण होने के कारण महिलाओं को काबिज होने का अवसर अवश्य मिला है, परन्तु कार्यों का संचालन पुरुष के द्वारा ही किया जाता है। साथ ही इन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित सुधारों के संबंध में भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कहा कि गांव में सार्वजनिक शौचालयों का अभाव है, जिस कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गौरतलब है कि बिहार में नई योजनाओं की रुपरेखा और नीति निर्माण की प्रक्रिया में महिलाओं से संवाद स्थापित किया तो जा रहा है, परंतु अधिकारियों की लालफीताशाही के कारण धरातल पर उतरने से पहले ही दम तोड़ देता है। महिला संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तीकरण की दिशा में बिहार को एक नई पहचान दिलाना है। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।