MADHUBANI / KHUTAUNA :
मधुबनी/खुटौना : मधुबनी जिले के खुटौना प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को जुड़ शीतल का पर्व पारंपरिक आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने सुबह ठंडे जल से स्नान कर दिन की शुरुआत की और शीतलता, शांति एवं स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर घर-घर में चूड़ा-दही, आम का टिकोला, साग-पात एवं पारंपरिक व्यंजनों का सेवन किया गया। पर्व के दौरान बड़े-बुजुर्गों ने परंपरा के अनुसार शुद्ध शीतल जल से छोटों को सिर पर सिंचित किया और उन्हें लंबी उम्र, सुख-समृद्धि तथा शांति का आशीर्वाद दिया। इस आत्मीय परंपरा को निभाते हुए परिवारों में भावनात्मक जुड़ाव और आपसी प्रेम का माहौल बना रहा।
सिर्फ मनुष्य ही नहीं, प्रकृति की पूजा के इस पर्व में पेड़-पौधों की जड़ों को भी शीतल जल से सिंचित किया गया। लोगों ने यह संदेश दिया कि जैसे मनुष्य को जल की आवश्यकता है, वैसे ही पर्यावरण की देखभाल भी हमारी जिम्मेदारी है। गांवों में घरों के आंगन और चौखट को लीप-पोत कर पवित्र किया गया। तुलसी चौरा, दरवाज़े और घर की देहरी पर जल अर्पण कर शीतलता का संदेश दिया गया। महिलाएं सुबह से ही पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं और परिवार की सुख-शांति की कामना की। बाजारों में भी चूड़ा, दही, साग और फलों की खरीदारी को लेकर रौनक रही। स्थानीय लोगों ने इसे एक ऐसा पर्व बताया जो हमारी संस्कृति, पर्यावरण प्रेम और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है।