MADHUBANI / SSB NEWS :
मधुबनी: मधुबनी जिले मे भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के बेतौन्हा चेक पोस्ट पर तैनात सतर्क जवानों ने दिनांक 12 अप्रैल 2025 को दोपहर लगभग करीब 15:15 बजे एक विदेशी नागरिक को पासपोर्ट एवं वीजा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम नदिअये किंग्सली, उम्र-44वर्ष(लगभग) है और वह सेनेगल(पश्चिम अफ्रीका) का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी और जरूरी पूछताछ के उपरांत उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस थाना जयनगर को सौंप दिया गया है।
एसएसबी के अधिकारी के बताए गए जानकारी के अनुसार घटना के समय एक ऑटो रिक्शा, जिसमें अनेक सवारियाँ थीं, भारत की ओर से नेपाल की ओर जा रहा था। जांच के दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियाँ संदिग्ध प्रतीत हुईं। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नदिअये किंग्सली, उम्र-44वर्ष(लगभग), निवासी सेनेगल(पश्चिम अफ्रीका) बताया एवं पहचान स्वरूप अपना पासपोर्ट प्रस्तुत किया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह व्यवसाय के उद्देश्य से भारत आया था। उसके पास उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, वह पहले नाइजीरिया से काठमांडू, फिर काठमांडू से भारत आया और ई-विजा के तहत तीन महीने तक नई दिल्ली में रहा। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद वह काठमांडू गया, जहां से कथित रूप से इलाज के लिए नई दिल्ली आया, लेकिन उसके पास इस यात्रा या इलाज से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या प्रमाण नहीं था।
इसके उपरांत, नई दिल्ली से पुनः काठमांडू जाते समय वह अवैध रूप से सड़क मार्ग से नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था, जो कि पासपोर्ट अधिनियम एवं वीजा नियमों का उल्लंघन है। उक्त कारणों से सशस्त्र सीमा बल के जवानों द्वारा उसे तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार किया गया। जरूरी पूछताछ के उपरांत उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस थाना जयनगर को सौंप दिया गया है। इस बाबत गोविंद सिंह भंडारी, कमांडेंट,48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा, “सीमा पर इस प्रकार की संदिग्ध एवं गैरकानूनी गतिविधियों के प्रति सशस्त्र सीमा बल पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अवैध घुसपैठ अथवा कानून उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा”।