मधुबनी: जनसुराज पार्टी 11अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में बिहार बदलाव रैली का आयोजन करने जा रही है। आपको बता दे कि वक्फ संशोधन बिल पारित हो जाने के बाद बिहार का राजनीतिक परिदृश्य बदल गया है और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनसुराज पार्टी द्वारा की जा रही बिहार बदलाव रैली को अहम माना जा रहा है। वही बिहार बदलाव रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के मधुबनी इकाई की तैयारी जोरो पर है। रैली की सफलता के लिए खास रणनीति बनाई जा रही है।
जनसुराज पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जन सुराज पार्टी के मधुबनी जिलाध्यक्ष बशिष्ठ नारायण झा एवं अन्य नेताओं ने बताया कि रैली को अभूतपूर्व बनाने के लिए पार्टी हर स्तर पर मेहनत कर रही है। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य है कि हर पंचायत से कम से कम एक सौ लोग रैली में शामिल हों। हमें उम्मीद है कि लाखों की भीड़ गांधी मैदान में उमड़ेगी और मधुबनी की भागीदारी सबसे अधिक होगी। उन्होंने रैली की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि यह रैली उन छात्रों, युवाओं और नागरिकों की आवाज बनेगी, जो बेहतर शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राज्य से पलायन करने को मजबूर हैं। यह सिर्फ रैली नहीं, बल्कि बिहार के बदलाव की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है।