मधुबनी: मधुबनी नगर निगम के वार्ड नंबर 3 माडर गांव स्थित त्रिपुर रमा काली मंदिर में पिछले 2 अप्रैल से पूरे वैदिक विधि-विधान से शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ के दौरान 11 वैदिकों ने शतावृति यानी पूरे सौ बार दुर्गा पाठ किया, साथ ही सभी पंडितों ने वैदिक मंत्रों के साथ देवाधिदेव महादेव का रूद्राभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की।
इस महायज्ञ में आज पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ हवन किया जाएगा। आयोजनकर्ता और यज्ञ के संकल्पित व्यक्ति पंडित दीनानाथ झा का कहना है कि यह यज्ञ विश्व कल्याणार्थ किया गया है। वहीं यज्ञ के आचार्य ज्योतिष और व्याकरण के विद्वान पंडित गणपति झा का कहना है कि यह यज्ञ शक्ति की उपासना हेतु किया जाता है। इस यज्ञ के करने से आर्थिक, शारीरिक और बौद्धिक रूप से उपासक सबल होते हैं।
वहीं यज्ञ के दौरान प्रतिदिन 5 बजे से लेकर रात के 9 बजे तक व्याकरणाचार्य पंडित विजय झा के द्वारा देवी भागवत का कथा वाचन किया गया। गांव में यज्ञ होने से जहां ग्रामीणों में हर्ष का माहौल देखा गया, वहीं यज्ञ में सभी ग्रामवासी ने अपना शारीरिक योगदान दिया।