मधुबनी/बेनीपट्टी: मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड के अरेर थाना क्षेत्र के पुरवारी टोल में नमाज अदा करने जा रहे बच्चे को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया, जिसमें बच्चे की मौत हो गयी। घटना रहिका-बेनीपट्टी एसएच-52 पथ किनारे हुई है। मृतक की पहचान पुरवारी टोल के मो० इब्राहिम के पुत्र मो० दिलकश(12) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक जुम्मा का नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद की ओर जा रहा था। इतने में अज्ञात वाहन के चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मृतक सड़क के किनारे जा गिरा और उसकी टोपी सड़क पर रह गयी। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई, जब स्थानीय लोग नमाज अदा कर लौट रहे थे, तब उनकी नजर टोपी पर गयी। तब मो. दिलकश की खोजबीन हुई। उधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
सूचना मिलते ही अरेर थानाध्यक्ष नेहा निधि मौके पर पहुँच लोगों को शांत करने का प्रयास किया। काफी देर बाद हंगामा शांत नहीं होने पर रहिका और बेनीपट्टी थाना पहुँच कर लोगों को काफी मशक्कत के बाद समझा कर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया।
इस बाबत जानकारी देते हुए अरेर थाना के एसएचओ नेहा निधि ने बताया कि अज्ञात वाहन की खोजबीन की जा रही है। फिलहाल कारवाई की जा रही है।