मधुबनी/जयनगर: जिला के जयनगर में पूरे धूमधाम से ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। ईद के साथ ही अल्लाह की बरकत का महीना रमजान खत्म हो जाता है। जिले के जयनगर के सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर आज सुबह ईद की नमाज पढ़ी गई। ईद उल फित्र को मीठी ईद भी कहा जाता है। आज के दिन लोग घरों में सेवईं या फिर खीर समेत कई बेहतरीन पकवान पकते हैं और एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारक देते हैं।ईद-उल-फितर के मौके पर बलडीहा, भेलवा टोल, थाना टोल, यूनियन टोल, देवधा, बेला सहित अन्य मस्जिद में लोगों ने नमाज अदा की। जयनगर प्रखंड में भी ईद की रौनक दिखाई दे रही है। लोगों ने सुबह-सुबह मिलकर एक साथ नमाज पढ़ी और अल्लाह की इबादत की.ईद की नमाज अदा करने से पूर्व मौलाना कलीम अशरफ ने रमजान के पवित्र महिना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि मजहबे इस्लाम अमन शांति का पैगाम देती है। इस्लाम में गंगा जमुनी तहजीब दिया गया है। ईद पर्व पर गिले शिकवे दुश्मनी भुला कर आपस में एक होने का रास्ता देती है। उन्होंने कहा कि तीस रोजा पूरा करने के बाद ईद का त्योहार खुशियां लेकर आती है। ईदुल फितरत की नमाज अदा करने के बाद भारत समेत विश्व शांति अमन भाईचारे के लिए दुआएं मांगी।
इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड उपाध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद अकबर, बेलही पश्चिमी पंचायत के सरपंच मोहम्मद जहाँगीर हाशमी, खजांची मोहम्मद सदाम, सेक्रेटरी मोहम्मद इब्राहिम, सदर मोहम्मद शकील मोहम्मद जहीर, मोहम्मद सदीक, मोहम्मद तौसीक सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।