मधुबनी/खजौली: जिले के खजौली प्रखंड के विरौल गांव में श्री श्री 108 वैष्णवी दुर्गा पूजा समिति बिरौल के सौजन्य से आयोजित चैत्र नवरात्र को लेकर 551 कन्याओं द्वारा रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। कलश शोभायात्रा यात्रा का शुभारंभ भाजपा नेता एवं स्वर्ण व्यवसायी अमरनाथ प्रसाद साह, प्रमुख कुमारी उषा, डॉ. सतीश गोईत, राजद नेता ब्रज किशोर यादव, प्रदीप प्रभाकर, मुखिया छठु पासवान, पंसस रघुवीर गरेरी सहित अन्य आगंतुक अतिथियों द्वारा किया गया।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से चकलर बिरौल, हथियाही होते हुए सुक्की कमला नदी तट पहुंची। पुनः वहां से जल भरकर जय माता दी की जयकारों के साथ मंदिर परिसर पहुंची। जहां पंडित नुनु झा के द्वारा पुजारी नरेंद्र साफी के माध्यम से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापित कर प्रथम दिन की पूजा अर्चना शुरु की गई।
पूजा कमेटी के संयोजक व सेवानिवृत्त शिक्षक तेजी लाल यादव ने बताया कि यहां वर्ष 2015 से विधिवत चैती नवरात्र का आयोजन किया जा रहा है। संपूर्ण ग्रामीण के सहयोग से भव्य मेला व सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाता है।
इस मौके पर सकलदेव यादव, चन्द्र विजय गोईत, शंभू यादव, जीबछ यादव, सरपंच कारी पासवान, राम कलेबर यादव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।