मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना हरलाखी थाना क्षेत्र के फुलहर गांव की है। जहां मंगलवार सुबह करीब 9बजे कुशवाहा चौक के निकट एक खेत से युवक का शव बरामद हुआ। युवक के प्राइवेट पार्ट पर गहरे जख्म के निशान हैं, वहीं उसकी आंख भी निकाल ली गई है।
ग्रामीणों ने द्वारा ऐसा बताया जा रहा है सुबह में घटना की जानकारी तब मिली जब गांव के ही कुछ लोग सुबह-सुबह खेत की तरफ निकले, तो खेत में युवक का शव दिखाई दिया। घटना की जानकारी जंगल में आग की तरह इलाके में फ़ैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। इधर घटना की जानकारी हरलाखी थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर हरलाखी थाना के थानाध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार सहनी दलबल के साथ पहुंचे। जहां पहुंचने पर उन्होंने ग्रामीण और अन्य लोगों को संभाला।
मृतक युवक की पहचान फुलहर गांव के ही 40वर्षीय धर्मवीर मुखिया के रूप में हुई। मृतक धर्मवीर मुखिया को तीन पुत्र एवं एक पुत्री है। घटनास्थल को देखने के बाद स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि खेत में ही उसे घसीटा गया, उसके बाद बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इधर धर्मवीर मुखिया की हत्या की खबर के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी सुनीता देवी सहित उनके बच्चे दहाड़े मारकर रो रहे हैं।
मौके पर पहुंचे हरलाखी थाना के थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सहनी ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी दुश्मनी की वजह से युवक की हत्या कर दी गई है। फिलहाल परिजनों एवं स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सूत्रों की माने तो पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं, जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।