- दरभंगा में एनडीए कार्यकर्त्ताओं को किया संबोधित
खबर दस्तक
दरभंगा :
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में जनता परेशान थी। धार्मिक उन्माद चरम सीमा पर था। शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति काफी दयनीय थी। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार बनते ही सबसे पहले शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल, पुलिया, नाला, बिजली, सिंचाई पर ध्यान दिया गया और कानून का राज स्थापित हुआ। मुख्यमंत्री गुरूवार को लहेरियासराय के नेहरू स्टेडियम परिसर में एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला के सभी अनुमंडल में महिला आइटीआई की स्थापना की गई। जिला में 2500 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है। पटना के अलावा दूसरा एम्स दरभंगा में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला में जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, अनुसूचित जाति अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तारामंडल, आईटी पार्क के साथ-साथ कई टेक्निकल कॉलेज की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डा का विस्तार किया जा रहा है। कई आरओबी का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान हमने जो वायदा किया था, उसे धरातल पर उतार रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। जो काम शेष रह गए हैं, मौके दीजिए उसे पूरा किया जाएगा। बिहार प्रगति के पथ चल पड़ा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए कई योजनाएं चलाए जा रहे हैं।
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह भीड़ बता रही है कि एनडीए के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी की गारंटी और नीतीश कुमार वादा बिहार के विकास के लिए है। बिहार की जनता एनडीए सरकार बनाने की सोंच चुकी है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो वादा करते हैं, उसे निभाते भी हैं। यह चुनाव आगामी पच्चिस साल का भविष्य तय करेगा।
इस मौके पर सांसद डॉo गोपाल जी ठाकुर, जदयू प्रत्याशी मदन सहनी, भाजपा प्रत्याशी संजय सरावगी, जदयू प्रत्याशी विनय कुमार चौधरी, भाजपा प्रत्याशी रामचंद्र प्रसाद, जदयू प्रत्याशी ईश्वर मंडल, भाजपा प्रत्याशी मुरारी मोहन झा, लोजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र झा, एमएलसी भीष्म सहनी, हम जिलाध्यक्ष लक्ष्मण पासवान आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा पश्चिमी अध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी मन्ना ने की।