खबर दस्तक
मलिहाबाद/लखनऊ :
विकासखंड काकोरी क्षेत्र अंतर्गत भारतीय कृषि अनुसंधान केंद्र रहमानखेड़ा में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाइव कार्यक्रम के माध्यम से किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन की विस्तृत जानकारी दी और किसानों को रासायनिक मुक्त, जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखती है, बल्कि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में भी सुधार लाती है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है, जिनका उद्देश्य लागत घटाना और लाभ बढ़ाना है।
इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने किसानों को जैविक खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और प्रयोगों की जानकारी दी। उन्होंने खेतों में गोबर, गौमूत्र और जैविक खाद के उपयोग के लाभों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मलिहाबाद विधानसभा की विधायिका जय देवी कौशल उपस्थित रहीं। उन्होंने किसानों को लहसुन, धनिया, कलौंजी आदि के बीज वितरित किए और उन्हें प्रधानमंत्री की योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों किसान, कृषि विभाग के अधिकारी और वैज्ञानिक मौजूद रहे।