खबर दस्तक
आरा :
आचार संहिता लागू होने के पहले बिहार सरकार अगर शाहाबाद कमिश्नरी का निर्माण और इसका मुख्यालय आरा में बनाने की घोषणा नहीं करेगी, तो शाहाबाद कमिश्नरी निर्माण संघर्ष समिति आंदोलन को और तेज करेगी। इसको लेकर आरा शहर के जयप्रकाश प्रतिमा के समीप शाहाबाद कमिश्नरी निर्माण संघर्ष समिति के काफी संख्या में सदस्यों और विभिन्न दलों के नेताओं कार्यकर्ताओं ने महा धरना दिया।
इस धरना को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक धीरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि अगर मांग पूरा नहीं होता है, तो करो या मरो आंदोलन करने के लिए संघर्ष समिति बाध्य हो जाएगी। शाहाबाद के पुराने चार जिला भोजपुर, बक्सर, कैमूर व रोहतास कमिश्नरी बनने की सभी शर्तें पूरा कर रहा है। कमिश्नरी बनाने की मांग को लेकर की यह धरना हो रहा है। समाजवादी नेता भाई बरमेश्वर ने कहा कि आरा में घुड़सवार पुलिस का प्रांतीय कार्यालय है। रिकॉर्ड रूम, संपूर्ण शाहाबाद का आरा में है। जीएसटी व इनकम टैक्स का मुख्यालय आरा में है। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय का प्रधान कार्यालय आरा में है।
वही, समिति के सदस्य अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि सिंचाई विभाग व विद्युत विभाग का मुख्यालय आरा में है। इंजीनियरिंग कॉलेज व मेडिकल कॉलेज भी आरा में है। मांगे पूरी नहीं होती है, तो आंदोलन और तेज होगा।
इस मौके पर अशोक मानव, डॉक्टर जितेंद्र शुक्ला, सरदार गुरु चरण सिंह, निर्मल सिंह सकरवार, समाजवादी नेता सुशील तिवारी, कृष्णेन्दु सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।