- ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत डीएम ने किया पौधारोपण
- छात्रों को दी प्रेरक सीख
खबर दस्तक
मधुबनी :
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की दिशा में मधुबनी जिला प्रशासन ने एक सराहनीय कदम उठाते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। शिवगंगा बालिका +2 उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने पौधा लगाकर अभियान को नई गति दी।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के सभी पदाधिकारियों ने भी एक-एक पौधा रोपित कर इस मुहिम की शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने छात्रों और उपस्थित जनों को पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श समाज का निर्माण तभी संभव है, जब हम विकास की रफ्तार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी उतना ही ध्यान दें। जितना अधिक पौधा लगाएंगे, उतना ही जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन, भोजन और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर चल रहा है और मधुबनी जिला प्रशासन इसे निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा। उन्होंने सभी विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर पौधारोपण में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने कक्षा 9 की छात्रा से उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा और बच्चों को ‘खरगोश और कछुआ’ की प्रेरक कहानी सुनाकर सतत प्रयास और धैर्य का महत्व समझाया।
इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पांडेय, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुभम कसौधन सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक भी उपस्थित थे।