- कार्यकर्ताओं में जोश भरने का किया आह्वान
खबर दस्तक, हरलाखी/मधुबनी
मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड के दीन दयाल प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में शनिवार को एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राम कृपाल महतो ने की, जबकि संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह अधिवक्ता प्रमोद ने किया।
इस अवसर पर मंत्री अशोक चौधरी, मंत्री शीला मंडल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, विधायक सुधांशु शेखर, सुनील चौबे, संतोष सिंह कुशवाहा, पंकज पासवान, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा, जदयू जिलाध्यक्ष श्री नारायण उर्फ फुले भंडारी तथा संगठन प्रभारी राम प्रवेश पासवान सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने पार्टी की मजबूती और संगठन विस्तार पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारी करने का आह्वान किया।
सम्मेलन की शुरुआत पाग, दोपट्टा और माला पहनाकर अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई।
मंच से नेताओं ने कहा कि एनडीए की सरकार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं और जनता का भरोसा एक बार फिर पार्टी के साथ है। नेताओं ने दावा किया कि एनडीए की ताक़त कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का विश्वास है, जिसके बल पर आने वाले दिनों में पुनः प्रदेश में सरकार बनेगी।
इस मौके पर बजरंग कामत, बागीश कांत झा, अजय भगत, श्याम सुंदर विश्वकर्मा, डॉ. अमरनाथ झा, मुनेश्वर ठाकुर, सुरेंद्र यादव, प्रदीप झा, गुलाब साह, संजीव झा, नरेन्द्र ठाकुर, नरेश यादव, वीरेंद्र प्रतिहस्त, युगल किशोर यादव, अनिल कुमार सिंह, राम लोचन यादव, रमेश साह, रणधीर कुशवाहा, राम स्नेही महतो, रणवीर सिंह सहित एनडीए के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।