- फील्ड वर्क प्रभावित न हो, इसके लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जारी किया निर्देश
खबर दस्तक
मधुबनी :
मधुबनी जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी विभागों एवं शाखाओं को निर्देश दिया है कि अब बिना पूर्व अनुमति के अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड कृषि, कल्याण, शिक्षा, आपूर्ति, पंचायत, मनरेगा आदि क्षेत्रीय पदाधिकारियों* को जिला मुख्यालय में बैठक या समीक्षा हेतु नहीं बुलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय स्तर पर विधि-व्यवस्था नियंत्रण एवं अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान की पहली जिम्मेदारी क्षेत्रीय पदाधिकारियों की है। बार-बार जिला मुख्यालय में बुलाने से फील्ड का कार्य प्रभावित होता है और अनावश्यक समय व श्रम की बर्बादी होती है।
निर्देश के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैँ :-
- बिना जिलाधिकारी की पूर्वानुमति के क्षेत्रीय पदाधिकारी को जिला मुख्यालय नहीं बुलाया जाएगा।
- विशेष परिस्थिति या अत्यावश्यकता होने पर अनुमति लेकर ही बुलाया जाए।
- प्राथमिकता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करने को दी जाए।
- मासिक/पाक्षिक/साप्ताहिक बैठकें एकीकृत कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आयोजित हों।
जिलाधिकारी मधुबनी ने कहा कि यह व्यवस्था न केवल कार्यों के त्वरित निष्पादन में सहायक होगी, बल्कि फील्ड अधिकारियों को बार-बार मुख्यालय आने से होने वाली समय और संसाधनों की बर्बादी से भी बचाएगी।