स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर गूंजा देशभक्ति के नारों से, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की रही बड़ी भागीदारी
खबर दस्तक। ब्यूरो चीफ सीतामढ़ी नसीम अहमद
सुरसंड
सीतामढ़ी :
आजादी के 78वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पूरा सुरसंड तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। 2 बिहार बटालियन एनसीसी, मुजफ्फरपुर के निर्देशानुसार सरयू उच्च विद्यालय, सुरसंड के एनसीसी कैडेट्स ने “हर घर तिरंगा – घर-घर तिरंगा” रैली का आयोजन किया, जिसमें देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई, जहां प्रधानाध्यापक श्री रामप्रकाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। एनसीसी अधिकारी सेकंड ऑफिसर अरुण कुमार ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए तिरंगे की महत्ता पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी अस्मिता, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है। अरुण कुमार ने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में सदैव राष्ट्र की सेवा के लिए तत्पर रहें और आवश्यकता पड़ने पर तिरंगे के लिए सर्वोच्च बलिदान देने से पीछे न हटें। रैली का भव्य सफरकैडेट्स की यह यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर विद्यापति नगर, प्रखंड परिसर, और नगर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई निकली। पूरे मार्ग में देशभक्ति के गीत, नारों और तिरंगे की लहराती छटा ने वातावरण को ऊर्जा और गर्व से भर दिया। कैडेट्स और स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ आम नागरिक भी रैली में शामिल होकर देशभक्ति के इस महापर्व का हिस्सा बने।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री कृष्णा राम, प्रखंड प्रमुख श्री चंदन कुमार, नगर कार्यपालक पदाधिकारी श्री देवानंद, नगर पंचायत प्रमुख श्री पप्पू कुमार चौधरी, वार्ड पार्षद श्री उमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एनसीसी कैडेट्स और आयोजकों को इस राष्ट्रप्रेमी पहल के लिए बधाई दी और लोगों के बीच तिरंगा बांटकर रैली का आगाज किया। रैली में विद्यालय के शिक्षक डॉ. उमानाथ झा, डॉ. रामनाथ यादव, सुश्री श्वेता कुमारी, श्रीमती ललिता कुमारी, श्री देवेश कुमार, शैलेश कुमार और ब्रजेश कुमार सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। कैडेट्स आनंद कुमार, शिवम कुमार, केशव कुमार मिश्रा, यशराज, शेखर कुमार, सत्यम कुमार सहित बड़ी संख्या में एनसीसी सदस्य पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागी बने।
देशभक्ति का संदेश::
पूरे आयोजन का उद्देश्य हर घर में तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को जागृत करना था। सुरसंड में आयोजित यह तिरंगा यात्रा न केवल राष्ट्रीय पर्व की तैयारी का हिस्सा थी, बल्कि इसने युवाओं और आम नागरिकों के मन में देशभक्ति का जोश और भी प्रबल कर दिया।