- सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
- जवानों का बढ़ाया हौसला
खबर दस्तक
जयनगर / मधुबनी :
गोविन्द जोशी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत- नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मधुबनी जिले के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने गुरुवार को 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के उप कमांडेंट (प्रचालन) विवेक ओझा के साथ विभिन्न सीमा क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण का प्रारंभ 48वीं वाहिनी मुख्यालय, जयनगर से हुआ, जहाँ से दल ने सबसे पहले बेतौना बॉर्डर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
इसके पश्चात निरीक्षण दल समवाय कमला पहुँचा, जहाँ उन्होंने दिन का भोज (लंच) लिया और जवानों से अनौपचारिक बातचीत कर उनके मनोबल की सराहना की। इसके बाद, जिलाधिकारी एवं एसएसबी अधिकारियों ने पिपरौन- जटही सीमा का निरीक्षण किया। यह क्षेत्र सीमा क्षेत्र सामरिक एवं व्यापारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जहाँ पर सीमा पार होने वाले वैध व्यापार के साथ- साथ किसी भी अवैध गतिविधि पर नियंत्रण हेतु सघन सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सीमा सुरक्षा बल के सतर्कता और मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि भारत- नेपाल सीमा की शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में एसएसबी का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने जवानों से कहा कि वे एसएसबी जबान न केवल सीमा सुरक्षा में बल्कि स्थानीय समुदाय के साथ समन्वय बनाकर राष्ट्रीय हितों की रक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ देते रहें। आगे उप कमांडेंट विवेक ओझा ने आश्वस्त किया कि स्वतंत्रता दिवस एवं अन्य राष्ट्रीय अवसरों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और सीमा पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।