खबर दस्तक
मधुबनी :
भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में फांसी को गले लगा कर अपनी कुर्बानी देने वाले वर्तमान भौगोलिक बिहार के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद रामफल मंडल जी की 101वीं जयंती के पुनीत अवसर पर मधुबनी नगर निगम के विस्तारित क्षेत्र वार्ड संख्या 38 बसुआरा में धानुक छात्रावास के निर्माण कार्य हेतु विगत बुधवार को स्थानीय पुण्यात्मा धर्मानुरागी स्व. लम्बोदर मंडल के सुपुत्रद्वय कौशल किशोर मंडल एवं शम्भूनाथ मंडल द्वारा अपनी दो कट्ठा पैतृक भू-दान कर वैदिक रीति से भूमिपूजन के उपरांत निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया, जिससे समाज में शिक्षा-जागृति की दृष्टि से काफी सकारात्मक भावना का संचार हुआ है।
उक्त बातें जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह धानुक छात्रावास निर्माण समिति के प्रमुख सदस्य बचनू मंडल ने एक प्रेस विज्ञप्ति के द्वारा उक्त छात्रावास निर्माण कार्य के भूमिपूजन समारोह कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भाग लेने वाले प्रणम्य भूदाता सहित सभी शुभचिंतकों एवं विशिष्ट अतिथियों के प्रति सादर आभार प्रकट किया है।
श्री मंडल ने कहा कि मधुबनी जिला में धानुक समाज विगत लगभग पच्चीस वर्षों से धानुक छात्रावास निर्माण समिति के अध्यक्ष प्रख्यात नेत्र चिकित्सक सह पूर्व चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जगदेव मंडल के मार्गदर्शन में पूर्व नगर पार्षद सुरेन्द्र मंडल, चन्द्र किशोर मंडल,उमानाथ मंडल, डॉ.इंद्रकुमार मंडल, डॉ. बिंदेश्वर मंडल, परशुराम मंडल, झोटि नारायण मंडल, शिवकुमार मंडल, जयप्रकाश मंडल, ललन मंडल, गणेश मंडल, विनोद मंडल, संतोष मंडल, सीमा मंडल, ऋतु मंडल, डॉ. प्रेम कुमार मंडल, डॉ. मनोज गौतम सहित अनेक सामाजिक शुभचिंतकों के साथ निरंतर लगातार सामाजिक जागरूकता हेतु उनके सद्प्रयास का यह सुखद परिणाम है कि मधुबनी जिला मुख्यालय में धानुक छात्रावास निर्माण का बहुप्रतीक्षित सपना साकार हुआ है।
श्री मंडल ने बताया कि मधुबनी नगरनिगम क्षेत्रांतर्गत जिला में धानुक छात्रावास निर्माण कार्य के सुखद शुभारंभ होने से समाज काफी उत्साहित हैं और निर्माण कार्य में दानस्वरूप अपना आर्थिक सहयोग देकर भव्य छात्रावास निर्माण हेतु समाज संकल्पित है और लोग इसमें बढ़ चढ़ कर अपनी सहभागिता अर्पण हेतु आतुर हैं, जो एक वर्ष के भीतर छात्रावास निर्माण का सफलतापूर्वक पूर्ण होने का लक्ष्यानुरूप सुखद संकेत प्रतीत होता है।