खबर दस्तक
लौकही/मधुबनी :
भाकपा-माले प्रखंड कमिटी लौकही के प्रखंड अध्यक्ष नवल किशोर यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को खाद की कालाबाजारी के विरोध में जिले के लौकही प्रखंड में जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च राजा चौक जाहुरी से शुरू होकर प्रखंड कार्यालय तक पहुँचा। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं उर्वरक निगरानी समिति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रखंड कार्यालय परिसर में पहुँचने के बाद नुक्कड़ सभा का भी आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रखंड कृषि पदाधिकारी किसानों के साथ न्याय करने में विफल रहे हैं और खाद विक्रेताओं द्वारा सरकार द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों को सरकार द्वारा तय दर पर खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सभा में बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए और हाथों में बैनर-पोस्टर लिए अपने मांगों को बुलंद किया।