- छात्राएं हो रही हैं पलायन को मजबूर
खबर दस्तक
भागलपुर :
भागलपुर के तिलकामांझी विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण पानी घुस आया है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्राएं हॉस्टल खाली कर अपने-अपने घरों की ओर लौट रही हैं। छात्राओं का कहना है कि पानी के कारण आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं। न केवल हॉस्टल में रहना मुश्किल हो गया है, बल्कि विश्वविद्यालय परिसर तक पहुंच पाना भी अब चुनौती बन चुका है। इसको लेकर छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ जिला प्रशासन से भी गुहार लगाई है।
इधर, जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर रिलीफ केंद्र और नाव की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में पूरी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। डीएम ने कहा कि छात्र-छात्राओं और विश्वविद्यालय के कर्मियों की सुविधा को लेकर मंथन किया जा रहा है, जल्द ही विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ बैठक कर समस्या के समाधान के लिए ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
साथ ही, विश्वविद्यालय परिसर में शरण ले रहे आसपास के इलाकों के लोगों की भी व्यवस्था को लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे। स्थिति गंभीर बनी हुई है और प्रशासनिक स्तर पर तेजी से कारवाई के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि इस आपदा की घड़ी में विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन मिलकर कैसे राहत पहुंचाते हैं?